राजस्थान सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई महत्त्वपूर्ण पदों पर आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी हैं। बीते सप्ताह से बहुप्रतीक्षित इस तबादला सूची में पिछल दो दिनों में अचानक बदलाव किए गए हैं। सूची में बदलाव आने वाले दिनों में बदलने वाले राजनीतिक समीकरणों, नेता और अधिकारियों के आपसी खींचतान को बैलेंस करने और अधिकारियों के बेहतर आउटपुट को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। इस तबादला सूची में 1993 बैच के आईएएस अधिकारी और गहलोत सरकार समेत भजनलाल सरकार में भी पावरफुल माने जाने वाले अखिल अरोड़ा को एसीएस, मुख्यमंत्री का जिम्मा सौंपा गया है। इससे पहले अरोड़ा के पाए एसीएस मुख्यमंत्री के अलावा एसीएस जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल विभाग का भी जिम्मा था, जो अब इस तबादला सूची में 1997 बैच के आईएएस हेमंत कुमार गेरा को दे दिया गया है।
वरिष्ठ आईएएस और 1993 बैच के ताल्लुक रखने वाली अपर्णा अरोड़ा को अतिरिक्त मुख्य सचिव खान एवं पेट्रोलियम विभाग का महत्त्वपूर्ण जिम्मा सौंपा गया है। 1994 बैच की आईएएस श्रेया गुहा को महानिदेशक एचसीएम रीपा समेत राजस्थान वित्त निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का जिम्मा सौंपा गया है। 1995 बैच के आईएएस प्रवीण गुप्ता को एसीएस सार्वजनिक निर्माण विभाग समेत एसीएस युवा मामले एवं खेल विभाग का जिम्मा सौंपा गया है।

1996 बैच के आईएएस अजिताभ शर्मा को अध्यक्ष राजस्व मण्डल, अजमेर एवं अध्यक्ष ग्रामीण अकृत क्षेत्र विकास अभिकरण का जिम्मा सौंपा गया है। शर्मा के बैचमेट वरिष्ठ आईएएस आलोक गुप्ता को एसीएस नगरिया विकास एवं आवासन विभाग समेत अध्यक्ष राजस्थान आवासन मण्डल का जिम्मा सौंपा गया है। साथ ही 1996 बैच के ही दिनेश कुमार को एसीएस प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय, जन अभियोग निराकरण, मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग के अलावा एसीएस सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग एवं पंचायती विभाग, एसीएस बाल अधिकारिता विभाग का जिम्मा सौंपा गया है।
1996 बैच के ही वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राजेश कुमार यादव को एसीएस स्कूल शिक्षा एवं भाषा एवं पुस्तकालय विभाग एवं पंचायती राज (प्रारंभिक शिक्षा) विभाग समेत एसीएस संस्कृत शिक्षा विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। अब तक शिक्षा सचिव के तौर पर सेवाएं दे रहे 2003 बैच के आईएएस कृष्ण कुणाल अब शासन सचिव ग्रामीण विकास विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। 1997 बैच के आईएएस हेमंत कुमार गेरा को प्रमुख शासन सचिव, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। 1998 बैच के आईएएस टी. रविकांत अब प्रमुख शासन सचिव राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग का कामकाज संभालेंगे।

1999 बैच के आईएएस भवानी सिंह देथा को प्रमुख शासन सचिव, परिवहन विभाग समेत अध्यक्ष राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम का जिम्मा भी सौंप दिया गया है। आईएएस देथा के बैचमेट विकास सीतारामजी भाले को प्रमुख शासन सचिव पशुपालन, मत्स्य एवं गौ-पालन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 2000 बैच के आईएएस देबाशीष पृष्टी को अध्यक्ष राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल का जिम्मा सौंपा गया है। 2003 बैच के ही आईएएस डॉ. नीरज कुमार पवन को महानिदेशक, इंदिरा गांधी पंचायती राज विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। 2004 बैच के आईएएस डॉ. समित शर्मा अब शासन सचिव एवं पंजीयक, सहकारिता विभाग समेत प्रशासक राजफैड के पद को संभालेंगे। 2005 बैच की चर्चित आईएएस डॉ. आरुषी अजेय मलिक अब शासन सचिव एवं आयुक्त, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक राजस्थान भण्डारण निगम समेत शासन सचिव शांति एवं अहिंसा विभाग का जिम्मा संभालेंगी। मलिक के बैचमेट डॉ. जोगाराम को सरकार ने नई जिम्मेदारी के तौर पर शासन सचिव एवं आयुक्त पंचायतीराज का जिम्मा सौंपा है।

2005 बैच के आईएएस पी.सी. किशन जो करीब तीन महीने से पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा में थे अब शासन सचिव, श्रम, कारखाना एवं बॉयलर निरीक्षण एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग का कामकाज संभालेंगे। किशन के बैचमेट आईएएस पी. रमेश को प्रबंध निदेशक, राजस्थान राज्य खान एवं खनिज निगम लिमिटेड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 2005 बैच की आईएएस पूनम अब शासन सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग का काम संभालेंगी। 2006 बैच की आरती डोगरा अब पहले से ज्यादा पावरफुल हुई हैं और ऊर्जा विभाग में उनके नवाचारों और कामकाज को देखते हुए शासन सचिव उर्जा समेत अध्यक्ष, डिस्कॉम, जयपुर एवं प्रबंध निदेशक, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड एवं अध्यक्ष राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम का जिम्मा सौंपा गया है।
2006 बैच के आईएएस वी. सरवण कुमार को संभागीय आयुक्त जयपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं 2007 बैच की आईएएस और अपने कामकाज से अलग पहचान बनाने वाली आनंदी को आयुक्त वाणिज्य कर विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। आनंदी की बैचमेट आईएएस शुचि त्यागी को शासन सचिव, पर्यटन विभाग, कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग एवं महानिदेश जवाहर कला केन्द्र की जिम्मेदारी के साथ अध्यक्ष, राजस्थान पर्यटन विकास निगम एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आमेर विकास एवं प्रबंधन प्राधिकरण एवं शासन सचिव देवस्थान विभाग का जिम्मा सौंपा गया है।

