जयपुर। विधानसभा क्रिकेट कप 2026 में आईएएस-आईपीएस इलेविन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंत्री-विधायकों के क्रिकेट मैदान में छक्के छुड़ा दिए। शहर के सवाईमानसिंह स्टेडियम के आरसीए ग्राउंड पर आयोजित हुए फाइनल्स में राजस्थान काडर के अधिकारियों ने जमकर लगाए चौके-छक्कों की बदौलत मंत्री-नेताओं रनर अप की ट्रॉफी थमा थी।
मैच में विधायक एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 122 रन बनाए। मंत्री-विधायकों की टीम की ओर से राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और अशोक चांदना ने जोरदार सांझेदारी करते हुए टीम के लिए स्कोर खड़ा किया। लेकिन राज्यवर्धन सिंह के विकेट गिरने के साथ ही एक के बाद एक बल्लेबाज पवेलियन की ओर लौटते नजर आए। मैच में राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने 38 गेंदों पर 9 चौकों और एक छक्के की बदौलत कुल 59 रन बनाए। सिरीज में शानदार प्रदर्शन के चलते राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को मैन ऑफ़ द सिरीज की ट्रॉफी भी मिली। वहीं दूसरी ओर आईएएस-आईपीएस टीम की ओर से ओपनर आईपीएस पंकज चौधरी ने नाबाद ताबड़तोड़ 55 रन बनाए और मैन ऑफ़ द मैच का खिताब हासिल किया। पंकज चौधरी ने कुल 30 गेंदों और 12 चौकों की की मदद से स्कोर खड़ा किया। वहीं राष्ट्रदीप ने 22 गेंदों में तीन चौकों और मैच के सबसे शानदार 4 छक्कों की बदौलत 40 रन बना डाले।

मैच के दौरान आईएएस-आईपीएस टीम की ओर से आईपीएस अभिजीत सिंह ने अपनी फास्ट बॉलिंग से मंत्री-विधायकों के पसीने छुड़ा दिए, वहीं राष्ट्रदीप ने अपने बाउंड्री पार धुंआधार छक्कों से मंत्री-विधायकों को हार स्वीकार करने को मजबूर कर दिया।
इस अवसर पर टीकाराम जूली, डॉ. कैलाश वर्मा, अशोक चांदना ने भी शानदार प्रदर्शन किया। दोनों टीमों की हौसला अफजाही के लिए मैदान में करीब 3 दर्जन विधायक और मंत्री मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा भी मौजूद रहे। मैच के दौरान चौमूं विधायक शिखा मील ने भविष्य में महिला विधायकों, महिला अधिकारियों और महिला पत्रकारों के मैच करवाने की बात भी कही।

